Kangra/Himachal Pradesh खबरों से खबर
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के तहत पुलिस थाना हरिपुर की चौकी रानीताल के तहत बनखंडी के चूर्ण गांव में एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने छत के गार्डर से फंदा लगाकर जान दे दी। 38 वर्षीय मस्तान सिंह पुत्र उधम सिंह गांव चूर्ण का निवासी था। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक चंडीगढ़ में उच्च न्यायालय के वकील के पास बतौर मुंशी कार्य करता था और लॉकडाउन के दौरान से घर पर ही था। मृतक के पत्नी के अलावा दो बच्चे थे, इनमें नौ साल का बेटा व बेटी पांच साल की है। मृतक रात को छत के ऊपर बने कमरे में ही था। मृतक की पत्नी अपना काम समाप्त करके नीचे
कमरे में सो गई। पत्नी की रात करीब 2:30 बजे आंख खुली तो उसने देखा कि उसका पति कमरे में नहीं था। पति को कमरे में न पाकर उसने सोचा कि वो शायद छत के ऊपर बने कमरे में सो गए होंगे। यही सोचकर वो जब अपने पति को देखने छत पर गई तो देखा कि उसका पति फंदे से लटका हुआ था। इस बात की सूचना स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान कमलेश देवी को दी गई। प्रधान कमलेश देवी जिनका घर मृतक के घर के पास ही है वो भी शीघ्र ही मृतक के घर पहुंच गए। प्रधान ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस चौकी रानीताल को दी। उक्त घटना की सूचना मिलते ही रानीताल पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और शव
को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी देहरा रणधीर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। बताया जा रहा है कि बच्चों के लिए झूला डाला गया था उसी झूले की रस्सी से मृतक ने छत के गार्डर से फंदा लगाकर जान दे दी है। अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है मृतक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया पुलिस इसकी जांच कर रही है। डीएसपी देहरा रणधीर सिंह राणा ने बताया मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा ले जाया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
Permalink: https://khabronsekhabar.com/ksk-छत-के-गार्डर-से-फंदा-लगाकर/