Himachal Pradesh खबरों से खबर
सासे ने मंगलवार को हिमस्खलन की चेतावनी दी थी, जिसे देखते हुए पुलिस ने अटल टनल सैलानियों के लिए बंद कर दी थी। मौसम साफ होते ही पुलिस ने सैलानियों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी है। मौसम को देखते हुए पर्यटकों को अटल टनल के
नॉर्थ पोर्टल व सिस्सु तक आने की अनुमति दे दी है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने आज से बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई थी। साथ ही हिमखंड गिरने की भी आशंका थी, लेकिन मौसम साफ होने पर पर्यटकों को आगे जाने की अनुमति दे दी गई है। सुबह के समय पुलिस ने किसी को भी सोलंगनाला से आगे जाने नहीं दिया। लेकिन धूप खिलने के बाद 11 बजे पुलिस ने हालात सामान्य देख सभी पर्यटकों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी है। लाहुल घाटी में भी धूप खिली है। बुधवार और वीरवार को मौसम विशेषज्ञों ने भारी बर्फबारी की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। बीते दिनों भी अचानक हुई भारी बर्फबारी के कारण सोलंगनाला में रातभर सैकड़ों पर्यटक फंसे रहे थे। इस कारण प्रशासन अब पूरी एहतियात बरतते हुए पर्यटकों को आगे जाने की अनुमति दे रहा है। डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने बताया सासे की ओर से जारी चेतावनी को देखते हुए पर्यटकों को अटल टनल की ओर जाने पर रोक लगाई थी। लेकिन मौसम को देखते हुए 11 बजे के बाद पर्यटकों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति दे दी गई।
Permalink: https://khabronsekhabar.com/मौसम-साफ-होते-ही-सैलानियो/