कमजोर वर्गो का सामाजिक व आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता: बिक्रम ठाकुर
संसारपुर टैरस (कांगड़ा )हिमाचल प्रदेश
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री द्वारा जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रवास के दौरान की गई विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाओं को समयबद्ध पूरा करने को लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए आज संसारपुर टैरस में विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये।

बिक्रम ठाकुर ने बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुये शेष कार्यों को पूरा करने में पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को घोषणाओं से जुडे़ लंबित कार्यों के कार्यान्वयन में गति लाने के निर्देश दिये ताकि जनकल्याण की इन परियोजनाओं को शीघ्र जनता को समर्पित किया जाये।
उद्योग मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जवाबदेही, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्यों का गुणवत्तापूर्ण रूप से समय पर निष्पादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की वर्तमान सरकार आम आदमी की सरकार है। समाज के सभी वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना तथा कमजोर वर्गों का सामाजिक आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को तत्परता के साथ निपटाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने 11 माह के अपने कार्यकाल में जनहित की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक कार्यान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अपने पहले ही बजट में तीस नई योजनाएं प्रस्तुत कीं, जो आंरभ की कर दी गई हैं। वहीं केन्द्र सरकार के सहयोग से नौ हजार करोड़ रुपये
से अधिक की धनराशि कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए स्वीकृत करवाई गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश तथा जिले की जनता को इन सभी योजनाओं का लाभ तभी प्राप्त होगा जब अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पित प्रयास कर लक्षित वर्गों तक समयबद्ध तरीके से इन्हें पहुंचाएंगे।

बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठकों के माध्यम से जहां प्रदेश सरकार को योजना की सफलता एवं कमियों की जानकारी मिलती है वहीं अधिकारियों को भी योजना कार्यान्वयन में किये जाने वाले बदलावों का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रदेश सरकार से अनेक अपेक्षाएं हैं। प्रदेश सरकार अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग समन्वय एवं परिश्रम के माध्यम से जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।
उद्योग मंत्री ने उपमंडलाधिकारी देहरा धनवीर ठाकुर को निर्देश दिये कि उपमंडल में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित बनाएं ताकि कार्यों की प्रगति का पता चल सके। उन्होंने विधायक प्राथमिकता वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।
उन्होंने कृषि, उद्यान, पशु पालन तथा आयुर्वेद चिकित्सा विभाग को लोगों की सुविधा के लिए जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, आईपीएच, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, स्वास्थ्य, पुलिस और विद्युत विभाग सहित अन्य सभी विभागों के मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकरी ली।
बिक्रम ठाकुर ने सुनी समस्याएं
बिक्रम सिंह ठाकुर ने संसारपुर टैरस में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर लोगों की समस्याओं का निपटारा करें ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़ें।
इस अवसर पर डीएसपी एलएम शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जीएस राणा, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता रजनीश धीमान, आईपीएच के अधिशाषी अभियंता रोहित दुबे, खंड विकास अधिकारी ओपी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।