Himachal Pradesh खबरों से खबर
हिमाचल प्रदेश में इस बार कामधेनु दीपावली मनाने के लिए इस वर्ष हिमाचल में गोबर के दो करोड़ दीये तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश भर की 186 गोशालाओं में दीये बनाने का प्रशिक्षण देने के
लिए प्रशिक्षक तैनात कर दिए गए हैं। नालागढ़ की महादेव स्थित शिव शंकर गोशाला में पहला प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें प्रदेश भर से आए गो सेवकों को दीये बनाने की विधि बताई गई है। ये सभी सेवक अपनी-अपनी गोशालाओं में जाकर दीये बनाएंगे। हिमाचल समेत इस वर्ष पूरे देश में कामधेनु दीपावली मनाई जाएगी। इसके लिए देश भर में गोबर के दीये जलाए जाएंगे। राष्ट्रीय कामधेनु गो सेवा
आयोग के चेयरमैन डॉ. वल्लभ भाई कथीरिया ने प्रदेश के गो संचालकों को दो करोड़ दीये बनाने का लक्ष्य दिया है। इसी के आधार पर महादेव गोशाला में इसके लिए पहला प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें सोलन, कांगड़ा, शिमला, ऊना के गो सेवकों ने हिस्सा लिया। गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष ने सभी गो संचालकों से कहा कि गोबर के दीये बनाने में बढ़चढ़कर हिस्सा लें। अगर सांचे या अन्य सामान की दिक्कत आती है तो वे संपर्क कर सकते हैं। यह सभी सामान बाजार में उपलब्ध है। ये दीये दीपावली पर तो काम आएंगे ही, बाद में इन दीयों को अपने गार्डन में डाल सकते हैं, जिससे वहां पर यह खाद का काम करेंगे। यही नहीं, अगर लोग गोबर के दीये जलाएंगे तो आत्म निर्भर भारत में गोशालाओं का एक बड़ा योगदान होगा।
Permalink: https://khabronsekhabar.com/दीपावली-के-शुभ-अवसर-पर-किय/